नाबालिग बालिका से जुड़े मामले में चूक, थाना प्रभारी और आरक्षक पर निलंबन की कार्रवाई

नाबालिग बालिका से जुड़े मामले में चूक, थाना प्रभारी और आरक्षक पर निलंबन की कार्रवाई

राजनांदगांव/ थाना सोमनी में नाबालिग बालिका से जुड़े एक प्रकरण में गंभीर लापरवाही एवं असंवेदनशील व्यवहार सामने आने पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी सोमनी एवं संबंधित आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को एक नाबालिग बालिका को उसके परिजनों के साथ रात्रि में संवेदना कक्ष में रखा गया था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षक द्वारा बालिका के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने तथा मामले में आवश्यक संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी नहीं बरतने की शिकायत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी एवं संबंधित आरक्षक को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों को मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।