कसारीडीह-बोरसी बस्ती में लगा सेवा सेतु शिविर, अधिकारियों ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
दुर्ग/नगर पालिक निगम। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा चलाए जा रहे सेवा सेतु अभियान समस्या का समाधान के तहत मंगलवार को शासकीय प्राथमिक शाला, कसारीडीह एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, बोरसी बस्ती में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संबंधित वार्डों के नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में से कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।शिविर में निगम के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों को निगम की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभाग को आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं एवं समस्याओं के निराकरण की सुविधा मिल रही है।इस अवसर पर पार्षद गुलशन साहू, मनीष कोठारी, सरिता चन्द्राकर, कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, उपअभियंता भारती ठाकुर, उपअभियंता प्रेरणा दुबे सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।