भिलाई सेक्टर-6 में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और जबरदस्ती की कोशिश, चार घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई सेक्टर-6 में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और जबरदस्ती की कोशिश, चार घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/सेक्टर-6 में ट्यूशन से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा को सुनसान रास्ते पर दो लड़कों ने रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्रा की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय युवकों ने उसे बचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग बताया गया है।
घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई गई है। छात्रा रोज की तरह ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। ट्यूशन से लौटने के बाद उसे अपनी सहेली के घर जाना था। इसी दौरान BSP क्षेत्र के सेक्टर-6 में खंडहर पड़ी इमारतों और झाड़ियों वाले हिस्से में दो लड़कों ने छात्रा को अकेला देखकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसे घेरकर जबरदस्ती करने की कोशिश की।
अचानक हुई घटना से छात्रा डर गई और बचाव के लिए लगातार आवाज लगाने लगी। सुनसान इलाका होने के कारण शुरुआती समय में उसकी मदद के लिए कोई वहां नहीं पहुंच सका। कुछ समय बाद उसी रास्ते से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने खंडहर की ओर से छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर उन्होंने दो युवकों को छात्रा के साथ जबरदस्ती करते हुए देखा।
स्थानीय युवकों के मौके पर पहुंचते ही दोनों आरोपी वहां से जाने की कोशिश करने लगे। युवकों ने उन्हें रोक लिया और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को सुरक्षित किया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित रास्तों पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान घटना के लगभग चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग और एक बालिग शामिल है।