सूरत टेक्सटाइल मार्केट आगकांड: 10 हजार के लिए अकाउंटेंट ने लगाई आग, 24 करोड़ का नुकसान
गुजरात के सूरत स्थित संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात लगी भीषण आग के मामले में क्राइम ब्रांच ने अकाउंटेंट विनोद पंडित सावले (33) को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब 10 हजार रुपये बकाया वेतन को लेकर दो मालिकों से नाराज होकर आग लगाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बदले की नीयत से कपड़ों के पार्सलों में आग लगाई थी। आग तेजी से फैलने के कारण 14 दुकानदार प्रभावित हुए और नुकसान 24 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।
क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की। पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसे अंदाजा नहीं था कि आग इतनी तेजी से फैल जाएगी और दूसरे दुकानदारों को भी करोड़ों रुपये का नुकसान हो जाएगा।
अप्रैल में शुरू की थी अकाउंटेंट की नौकरी
पुलिस के अनुसार, विनोद ने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के तौर पर नौकरी शुरू की थी। दोनों जगह से उसे मिलाकर 30 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था। आरोपी का कहना है कि मालिक सुमितभाई और हनुमान द्वारकाप्रसाद जवेर उसे काम ठीक से नहीं आने की बात कहकर परेशान करते थे। इसके बाद उसने अगस्त में नौकरी छोड़ दी।
नौकरी छोड़ने के दौरान उसे 20 हजार रुपये का भुगतान किया गया, जबकि करीब 10 हजार रुपये बाकी रह गए थे। विनोद के मुताबिक, उसने बकाया रकम के लिए कई बार मांग की, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसी बात से नाराज होकर उसने मालिकों को सबक सिखाने के इरादे से आग लगाने की योजना बनाई।
150 रुपये का पेट्रोल खरीदकर लाया था आरोपी
क्राइम ब्रांच को दिए बयान के अनुसार, विनोद 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे 150 रुपये का पेट्रोल प्लास्टिक की बोतल में खरीदकर लाया था। उसने पेट्रोल की बोतल अपने बैग में रखी और बिल्डिंग की सीढ़ियों पर बैठकर मार्केट खाली होने का इंतजार किया।
रात करीब साढ़े 12 बजे जब मार्केट में कोई नहीं था, तब उसने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली। दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल डालने के बाद माचिस से आग लगाई और मौके से निकल गया। आग तेजी से फैलने के कारण अलग-अलग दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया।
आग की खबर से डरकर राजस्थान और अयोध्या पहुंचा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि अगले दिन सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों के जरिए उसे आग की घटना और भारी नुकसान की जानकारी मिली। इसी दौरान उसे पता चला कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान कर चुकी है और उसके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है।इसके बाद वह डर गया और अपना मोबाइल बंद कर पत्नी व बच्चे के साथ राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर चला गया। वहां से वह अयोध्या पहुंचा। रविवार को उसके सूरत लौटने की जानकारी क्राइम ब्रांच को मिली।मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने विनोद पंडित सावले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।