नेहरू नगर में बुजुर्ग महिला से चैन झपटमारी, दो आरोपी गिरफ्तार; सीसीटीवी से खुला राज

नेहरू नगर में बुजुर्ग महिला से चैन झपटमारी, दो आरोपी गिरफ्तार; सीसीटीवी से खुला राज

दुर्ग/सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में बुजुर्ग महिला से सोने की चैन झपटमारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर 2026 को स्कूटी से चैन झपटमारी की घटनाओं में शामिल होना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चैन का बरामद हिस्सा तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
31 जुलाई को पहली वारदात
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सरोज कुमार राय ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 62 वर्षीय माता गीता देवी सुबह करीब 6:32 बजे घर के सामने पैदल टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। स्कूटी में पीछे बैठे आरोपी ने गीता देवी के गले से सोने की चैन झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
20 सितंबर को फिर बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
इसके बाद 20 सितंबर 2026 को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी, सुपेला क्षेत्र में गीता देवी के साथ दोबारा चैन झपटमारी की घटना हुई। मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1398/2026 के तहत धारा 304 बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विक्की नायक की पहचान की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विक्की नायक ने अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ मिलकर 31 जुलाई को स्कूटी क्रमांक CG-07-NN-6415 से चैन झपटमारी करने तथा 20 सितंबर को नेहरू नगर क्षेत्र में दोबारा चैन झपटमारी की घटना को अंजाम देना बताया।
आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने संबंधित सामग्री की बरामदगी की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कूटी से क्षेत्र में घूमते थे और सुबह के समय पैदल टहलने वाली महिलाओं, विशेषकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान एक आरोपी स्कूटी चलाता था, जबकि पीछे बैठा दूसरा आरोपी महिला के गले से सोने की चैन झपट लेता था। इसके बाद दोनों स्कूटी से मौके से फरार हो जाते थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों द्वारा हेलमेट पहनने और चेहरे को कपड़े से ढकने का भी इस्तेमाल किया जाता था।
इन जगहों पर हुई वारदात
पहली घटना 31 जुलाई 2026 को प्रियदर्शनी परिसर, सुपेला क्षेत्र में हुई थी। दूसरी घटना 20 सितंबर 2026 को नेहरू नगर ईस्ट, विद्या विहार कॉलोनी, सुपेला में हुई।
गिरफ्तार आरोपी
विक्की नायक (23), निवासी ग्राम बारसिवनी, वार्ड क्रमांक 11, थाना बारसिवनी, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश। वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर, MIG-07, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
तरूणा सिन्हा (20), निवासी मुदलियार कॉलोनी, राजनांदगांव, थाना चिखली, जिला राजनांदगांव। वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर, MIG-33, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
सोने की चैन का हिस्सा और स्कूटी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से सोने की चैन का बरामद हिस्सा तथा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG-07-NN-6415 के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की है।
सीसीटीवी फुटेज के लगातार विश्लेषण, संदिग्धों की पतासाजी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सुपेला थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।