दुर्ग : अधिकमास अमावस्या पर जरूरतमंदों को भोजन एवं आवश्यक सामग्री का वितरण
दुर्ग/अधिकमास (पुरुषोत्तम मास या मलमास) की अमावस्या के अवसर पर जन समर्पण सेवा संस्था दुर्ग द्वारा जरूरतमंदों, असहायों एवं वृद्धजनों की सेवा करते हुए भोजन एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी ने बताया कि अधिकमास में जरूरतमंदों, भूखों या साधु-संतों को भोजन वितरण (अन्नदान) सबसे उत्तम और पुण्यदायी माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार इस पवित्र महीने में किया गया दान सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक फल प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि समाजवादी विचारधारा का जन्म ही समाज के निराश्रित एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुख-सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से हुआ है। एक सच्चे सामाजिक कार्यकर्ता का धर्म मानवता और सेवा है। इन्हीं विचारों को आत्मसात करते हुए जन समर्पण सेवा संस्था दुर्ग विगत 9 वर्ष 6 माह (3450 दिनों) से बिना रुके प्रतिदिन दुर्ग रेलवे स्टेशन एवं अन्य स्थानों में अस्थायी रूप से निवासरत मजदूरों, असहायों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों को रात्रि में निःशुल्क भोजन वितरित कर रही है। इसके साथ ही संस्था के सदस्य विगत 9 वर्षों से सभी पर्व एवं त्योहारों में जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करते आ रहे हैं।
अधिकमास अमावस्या के अवसर पर 14 जून को शाम 6 बजे से संस्था द्वारा पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम एवं कादंबरी नगर स्थित महिला अनाथ आश्रम में पहुंचकर वृद्धजनों को भोजन हेतु नई स्टील की थाली, गिलास एवं चम्मच वितरित किए गए तथा भोजन कराया गया। भोजन के पश्चात सभी वृद्ध पुरुषों को लुंगी, वृद्ध महिलाओं को नाइटी तथा सभी वृद्ध महिला-पुरुषों को मिष्ठान, नमकीन, फल, बिस्किट, साबुन, निरमा, तेल, पेस्ट, कंघी एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
इसके पश्चात दुर्ग के विभिन्न फुटपाथों एवं दुर्ग रेलवे स्टेशन में निवासरत जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन के साथ साबुन एवं निरमा का वितरण किया गया।
संस्था के अनुसार वेद-पुराणों में अधिकमास के दौरान दान एवं जरूरतमंदों को भोजन कराने को विशेष महत्व दिया गया है। इससे कर्मों का शुद्धिकरण होता है, नकारात्मक कर्मों का नाश होता है तथा मानसिक शांति प्राप्त होती है। जरूरतमंदों को भोजन कराने से पितृदोष कम होता है और पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है। पद्म पुराण के अनुसार अधिकमास में किया गया दान जीवन भर के अच्छे कर्मों के बराबर फल प्रदान करता है।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी, प्रतिभा शर्मा, सुरेश गुप्ता, पार्षद राम भाऊ, मनोज गुप्ता लाला, अर्चला शर्मा, सरिता शर्मा, चंचल शर्मा, पिंकी पुरोहित, किरण सेन, सुमन शर्मा, गिरधर शर्मा, राजेंद्र ताम्रकार, अर्जित शुक्ला, आशीष मेश्राम, सुजल शर्मा, विनय मिश्रा, संदीप गुप्ता, अंकेश पेसवानी, वाशु शर्मा, सार्थक शर्मा, अनस खान, अंश पाण्डेय, मंटू गुप्ता, मोक्ष शर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।