पूर्व पार्षदों ने उठाया मुद्दा, वार्ड 48 का सार्वजनिक शौचालय जल्द होगा चालू
दुर्ग/ वार्ड नंबर 48 न्यू पुलिस लाईन के पास नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय जिसमें पौने दो सालों से ताला लटका हुआ था वह जल्द खुलेगा। तीन चार दिनों के भीतर ही उसके बचे काम को पूरा कराकर उसका लोकार्पण हो जाएगा। यह आश्वासन नगर निगम के आयुक्त ने कांग्रेस के पूर्व पार्षदों के प्रतिनिधिमण्डल को दिया है। जिन्होने उत्कल नगर के लोगों की समस्या को लेकर उन्हें आज एक ज्ञापन सौंपा। आयुक्त ने बताया कि उक्त शौचालय सुविधा 24 योजना के तहत बना है। यह योजना सरकार ने बंद कर दी थी। इसलिए कोई भी संस्था उसके संचालन के लिए तैयार नहीं हो रही थी लेकिन अब एक एजेंसी संचालन के लिए राजी हो गया है। तीन चार दिनों में उसका शेष कार्य पूरा कर उसे प्रारंभ करा दिया जाएगा। शीतला स्वरूपा मंदिर प्रांगण में तात्कालीन महापौर धीरज लाल बाकलीवाल की महापौर निधि से बनवाए गए जिम से सामान गायब होने के मामले की भी जांच कराने का आयुक्त ने आश्वासन दिया। कलेक्टर एसपी बंगले के सामने सड़क किनारे बनाए जा रहे पेवर ब्लॉक के निर्माण में गड़बड़ी के बारे में भी आयुक्त ने कहा कि उसका निर्माण सही तरीके से कराया जाएगा ताकि बारिश का पानी जमीन के अंदर जाए और भूजल स्तर बढ़े। ठगड़ा बांध के पास जल भराव की समस्या पर उन्होंने कहा कि यह सिंचाई विभाग का मामला है। इस बारे में उनसे चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में नगर निगम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल गनी, देवकुमार जंघेल, लिखन साहू, वार्ड क्रमांक 48 पूर्व पार्षद महेश्वरी ठाकुर, पूर्व पार्षद अमृत लोढ़ा, संजय सिंह, भोला महोबिया, मनोज चंद्राकर, मनीष यादव, राजकुमार वर्मा, आदि शामिल थे।