पिता की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा, सूचना देने वाला बेटा ही निकला आरोपी
दुर्ग/जिले के बोरी थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु होना तथा मौत की प्रकृति हत्या होना बताया।
मर्ग जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनसे पता चला कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, ग्राम नवागांव, थाना बोरी, जिला दुर्ग को आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद है। मामले के खुलासे में थाना बोरी के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।