व्यापारियों से ली गई रकम कंपनी खाते में जमा नहीं की, 38 लाख गबन मामले में आरोपी गिरफ्तार

व्यापारियों से ली गई रकम कंपनी खाते में जमा नहीं की, 38 लाख गबन मामले में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने आर्थिक अपराध के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए 38 लाख रुपये के गबन के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिलासपुर से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामला चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र का है, जहां गोयल ट्रेडर्स में पदस्थ एरिया सेल्स ऑफिसर ने कंपनी की रकम का दुरुपयोग किया।
पुलिस के अनुसार, गोयल ट्रेडर्स जेवरा सिरसा में कार्यरत आरोपी राजेश जायसवाल द्वारा चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा नहीं की गई। आरोपी व्यापारियों से प्राप्त राशि को निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में खर्च करता रहा।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 से 2022 तक लगभग 26 माह की अवधि में आरोपी ने करीब 38 लाख रुपये का गबन किया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की और आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम ने आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मेमोरेंडम कथन में गबन की राशि को मकान निर्माण एवं अन्य निजी कार्यों में खर्च करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 एवं 420 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आर्थिक लाभ के लिए किया गबन
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने कंपनी के विक्रय से प्राप्त रकम का निजी उपयोग कर आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से यह अपराध किया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख एवं आरक्षक यशवंत पिस्ता की सराहनीय भूमिका रही।