बलौदाबाजार में सीरियल किलिंग का खुलासा, 8 लोगों की हत्या के आरोप में दुकानदार गिरफ्तार

बलौदाबाजार में सीरियल किलिंग का खुलासा, 8 लोगों की हत्या के आरोप में दुकानदार गिरफ्तार

बलौदाबाजार/ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खर्वे गांव में पिछले चार महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में गांव के ही 46 वर्षीय किराना दुकानदार रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर जहर मिली शराब पिलाकर 8 लोगों की हत्या करने तथा एक अन्य व्यक्ति की हत्या का प्रयास करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, फरवरी से 14 मई 2026 के बीच खर्वे गांव में एक के बाद एक 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। लगातार हो रही मौतों से गांव में भय और दहशत का माहौल था। मामले में नया मोड़ तब आया जब 6 जून को ग्रामीणों ने पुलिस को आवेदन देकर सभी मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग की और आरोपी पर संदेह व्यक्त किया।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए सात मृतकों के शवों को कब्र से निकलवाकर रायपुर स्थित Dr. Bhimrao Ambedkar Memorial Hospital में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक मृतक का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था। जांच के दौरान डीएनए, विसरा और अन्य नमूनों को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने चूहा मारने की दवा के नाम पर जहरीला पदार्थ प्राप्त किया था। ग्रामीणों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, गाली-गलौज, चरित्र पर संदेह तथा टोना-टोटका जैसी बातों से नाराज होकर उसने कई लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया। आरोपी ने पहले एक कुत्ते पर जहर का असर परखा और उसके बाद अलग-अलग तिथियों में आठ लोगों को जहर मिली शराब पिलाकर उनकी हत्या कर दी। एक अन्य व्यक्ति को भी जहरयुक्त शराब पिलाई गई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
जांच में यह भी सामने आया कि शक से बचने के लिए आरोपी पीड़ितों को अस्पताल ले जाने और उनके अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 8 लोगों की हत्या तथा एक व्यक्ति की हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।