पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-06 पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। DPS चौक के पास आरोपियों ने पीछे से हमला कर उसे वाहन से गिरा दिया और धारदार हथियार व डंडे से मारपीट कर हत्या का प्रयास किया था। मामले में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5), 61(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने मामले में नेवई निवासी प्रखर चंद्राकर (26) और रिसाली निवासी सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। प्रकरण में अमन मूर्ति और हरीश यादव को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक प्रखर चंद्राकर के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रार्थी का पीछा कर DPS चौक के पास हमला किया था।