दुर्ग : धनोरा में भाजपा कार्यकर्ताओं संग विधायक ललित चंद्राकर ने सुना 'मन की बात' का 135वां संस्करण

दुर्ग : धनोरा में भाजपा कार्यकर्ताओं संग विधायक ललित चंद्राकर ने सुना 'मन की बात' का 135वां संस्करण

दुर्ग / धनोरा स्थित तुलसी पैलेस में बूथ क्रमांक 199 पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला दुर्ग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन की आवाज है। प्रधानमंत्री इस माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और सकारात्मक कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा वर्षा जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण का संदेश देते हुए जल संचय को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज का उल्लेख करते हुए प्रकृति और मानव के अद्भुत समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विज्ञान, तर्क और जागरूकता के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वासों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। असम की महिलाओं द्वारा 'हरगिला आर्मी' के माध्यम से दुर्लभ पक्षी हरगिला के संरक्षण और उससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के प्रयास को भी प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संचालित नागालैंड बेबी लीग और नागालैंड वुमन फुटसाल लीग जैसी पहलों का उल्लेख किया। साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय एवं सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने डोमिनिकन रिपब्लिक में 'ब्रह्मकमल डोमिनिकाना' के सदस्यों द्वारा वैदिक साहित्य के अध्ययन और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव का भी उल्लेख किया। वहीं मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल को स्वच्छता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
जिला महामंत्री दिलीप साहू, किसान मोर्चा जिला प्रभारी बिलास तुषार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहित राजपूत, उपाध्यक्ष विनोद चंद्राकर, सह प्रभारी रविंदर सिंह, महामंत्री राजेन्द्र यादव, महामंत्री अजीत चंद्राकर, प्रदेश सह संयोजक (व्यापार प्रकोष्ठ) प्रीतेश दुबे, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, महामंत्री चंदू देवांगन, प्रवीण यदु, सोसाइटी अध्यक्ष फलेंद्र सिंह राजपूत, धनोरा सरपंच रुलेश्वरी बंजारे, पूर्व सरपंच चंद्रशेखर बंजारे, पार्षद संगीत रजक, पार्षद सुनीता चंद्राकर, नीमल गढ़े, महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला कामडे, नोमेश्वर पिपरिया, व्यसनारायण वर्मा, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।