दुर्ग : शराब के दौरान विवाद ने लिया खूनी रूप, ईंट और स्टील के गिलास से वार कर पूरन भारती की हत्या, दो गिरफ्तार
दुर्ग /जामुल थाना क्षेत्र के कुरूद में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम कुरूद में ममता मेडिकल के पास स्थित मकान में शराब पीने के दौरान तीन लोगों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने के बाद पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि राज जोशी ने ईंट और स्टील के गिलास से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना 20 सितंबर की बताई जा रही है। दोपहर करीब 3:30 बजे राज जोशी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके मामा मनीष बघेल के दोस्त पूरन भारती को ईंट से मारकर घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान के अंदर पूरन भारती घायल हालत में जमीन पर पड़ा मिला। आसपास जांच करने पर ईंट पर खून के निशान भी मिले।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मनीष कुमार बघेल अपने दोस्त पूरन भारती को लेकर राज जोशी के मकान पर पहुंचा था। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। बातचीत का विवाद धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया। इसी दौरान पूरन भारती पर ईंट और स्टील के गिलास से सिर व चेहरे पर हमला किया गया। चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।
मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 697/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मामले में राज जोशी उम्र 19 वर्ष और मनीष कुमार बघेल उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ईंट और स्टील का गिलास जब्त किया गया। दोनों को 21 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट के बाद यह घटना हुई। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।