सायलेंट 777 ऐप से सट्टा कारोबार, 4 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-नगदी जप्त

सायलेंट 777 ऐप से सट्टा कारोबार, 4 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-नगदी जप्त

दुर्ग/थाना पाटन क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल क्रिकेट मैचों में मोबाइल एप के जरिए अवैध रूप से सट्टा संचालित करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम सहित कुल 73 हजार रुपए की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पाटन के बाजार चौक स्थित मछली मार्केट के पास कुछ लोग मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना पर थाना पाटन और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 4 संदेहियों को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में “सायलेंट 777” नामक ऐप के जरिए सट्टा संचालन किया जाना पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले करीब 15 दिनों से ऑनलाइन लिंक खरीदकर आईपीएल मैचों में दांव लगाने और खिलाने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपए नगद और 4 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 63 हजार रुपए है, जप्त किए हैं। इस प्रकार कुल 73 हजार रुपए की जप्ती की गई। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में करन देवांगन (23 वर्ष), उत्तम निषाद (29 वर्ष), गोपाल निषाद (27 वर्ष) और लोकेश उर्फ अरमान यादव (29 वर्ष) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना पाटन के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू दुर्ग की टीम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।