धमतरी : अफेयर के शक में 67 साल के प्रेमी ने 30 साल की प्रेमिका की चाकू गोदकर हत्या, बच्चा भी घायल

धमतरी : अफेयर के शक में 67 साल के प्रेमी ने 30 साल की प्रेमिका की चाकू गोदकर हत्या, बच्चा भी घायल

धमतरी/ धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 67 साल के प्रेमी ने अपनी 30 साल की प्रेमिका पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात अफेयर के शक में हुई। बच्चा भी घायल हो गया। घटना करेली बड़ी चौकी क्षेत्र की है। आरोपी जगन्नाथ मारकंडे, ग्राम हसदा का रहने वाला है और पेशे से किसान है। मृतका पुष्पा मारकंडे के साथ उसका प्रेम संबंध था।शनिवार की शाम पुष्पा अपने बच्चे को गोद में लेकर यात्री प्रतीक्षास्थल की ओर जा रही थी। उसी समय जगन्नाथ पहले से चाकू लेकर घात लगाकर खड़ा था। जैसे ही महिला वहां पहुंची, आरोपी ने उसकी पीठ और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुष्पा को बचाने के प्रयास में बच्चा भी चाकू लगने से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मगरलोड अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बच्चे का इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है। CSP रागिनी मिश्रा ने बताया कि महिला का पति पिछले एक साल से रायपुर जेल में बंद है। इस दौरान जगन्नाथ महिला के घर आता-जाता था और मदद करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन आरोपी को शक हो गया कि महिला का किसी और से अफेयर है। इसी शक में उसने जानलेवा हमला किया।पुलिस ने आरोपी जगन्नाथ मारकंडे को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर BNS की धारा 103, 115(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।