हजारों व्यापारियों और संस्थानों की चिंता हुई दूर, बीएसपी लीज मुद्दे पर निकला रास्ता

हजारों व्यापारियों और संस्थानों की चिंता हुई दूर, बीएसपी लीज मुद्दे पर निकला रास्ता

भिलाईनगर/ भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे पर भिलाई की जनता को बड़ी राहत मिली है। बीएसपी की भूमि पर संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक भवनों एवं धार्मिक स्थलों पर मंडरा रहे अनिश्चितता के संकट का समाधान निकलने के बाद राहत का माहौल है। नेता प्रतिपक्ष नगर निगम भिलाई भोजराज सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सांसद विजय बघेल एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।भोजराज सिन्हा ने बताया कि बीएसपी की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया के चलते भिलाई के हजारों परिवारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न संस्थानों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका थी। बीएसपी की भूमि पर वर्षों से संचालित दुकानें, स्कूल-कॉलेज, सामाजिक भवन, धर्मशालाएं तथा मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं चर्च जैसे धार्मिक स्थल असमंजस की स्थिति में थे। इन संस्थानों से न केवल हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है, बल्कि भिलाई की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक पहचान भी इन्हीं से निर्मित होती है।
उन्होंने कहा कि सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए बीएसपी एवं सेल प्रबंधन के समक्ष जनता की चिंताओं को मजबूती से रखा। उनके लगातार प्रयासों और संवाद के परिणामस्वरूप प्रबंधन ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय की दिशा में पहल की, जिससे समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ।
समाधान से विभिन्न वर्गों को मिला लाभ
हजारों दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों की आजीविका सुरक्षित हुई।
सामाजिक भवनों, धर्मशालाओं एवं सामुदायिक केंद्रों को स्थायित्व मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
बीएसपी भूमि पर संचालित स्कूलों एवं कॉलेजों के संचालन को लेकर बनी अनिश्चितता दूर हुई।
मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों को संरक्षण मिला।
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि सांसद विजय बघेल और प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने हमेशा भिलाई के नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी है। उनके प्रयासों से आज हजारों परिवारों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं को राहत मिली है। उन्होंने दोनों नेताओं के प्रति भिलाई की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।