राहुल गांधी के जन्मदिन पर जिला अस्पताल दुर्ग में रक्तदान शिविर आयोजित, जनसेवा का लिया संकल्प

राहुल गांधी के जन्मदिन पर जिला अस्पताल दुर्ग में रक्तदान शिविर आयोजित, जनसेवा का लिया संकल्प

दुर्ग/ राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान के नेतृत्व में जिला अस्पताल दुर्ग के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे हुआ और यह दोपहर 4 बजे तक संचालित रहा।
अय्यूब खान ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा देश सेवा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। उनके जन्मदिन पर रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता, क्योंकि एक यूनिट रक्त से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इसी सोच और राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप उनके जन्मदिन पर यह सामाजिक कार्य किया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अय्यूब खान ने आगे बताया कि जिला अस्पताल में अधिकांश गरीब मरीज उपचार के लिए आते हैं। इनमें कई मरीज दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी होते हैं, जिनके परिजन उनके साथ नहीं होते। दुर्घटना में घायल मरीजों को भी जिला अस्पताल में ही लाया जाता है। इसके अलावा महिला वार्ड भी यहां बड़ा है। ऐसे में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त का स्टॉक उपलब्ध रहना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि सही मरीज को सही समय पर रक्त उपलब्ध हो। इस संबंध में उपस्थित डॉक्टरों एवं जिला अस्पताल के अधिकारियों से भी चर्चा की गई। राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर यह संकल्प भी लिया गया कि मरीजों के हित में जहां सहयोग की आवश्यकता होगी वहां कांग्रेसजन पूरी सहायता करेंगे तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसका मजबूती से विरोध भी किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जसवंत गायकवाड, मो. रफीक, राकेश दुबे, पुरुषोत्तम सोनवानी, विजेंद्र बंजारे, खिलेश देशलहरे, जीतेश गायकवाड, उमेश वर्मा, चिलेश्वर निषाद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला अस्पताल की ओर से ब्लड बैंक काउंसलर टी.एस. एंथॉनी, नर्स निशु, नर्स कुसुम चंद्राकर, नर्स मीनाक्षी, लैब टेक्नीशियन तीरथ यादव, सूरज कुर्रे तथा लैब टेक्नीशियन रोशन सिंह ने शिविर में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।