भिलाई में चेन स्नेचरों का आतंक, दिनदहाड़े वारदात की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस
भिलाई। प्रदर्शनी परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। एक महिला अपने घर के सामने टहल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उनके गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन झपटकर भागने लगे।हालांकि बदमाशों की जल्दबाजी उन पर ही भारी पड़ गई। झपटमारी के दौरान चेन टूटकर घटनास्थल पर ही गिर गई, जिससे आरोपी उसे लेकर भाग नहीं सके। पुलिस ने मौके से टूटी हुई सोने की चेन बरामद कर ली है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, भिलाई नगर नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनारायण सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित महिला से घटना की विस्तृत जानकारी ली।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।