राज्य अलंकरण से सम्मानित तलवारबाज मोनिका साहू का विधायक ललित चंद्राकर ने किया सम्मान, कहा- बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की गौरव और प्रतिभावान तलवारबाज मोनिका साहू को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण समारोह में शहीद राजीव पांडेय अलंकरण से सम्मानित होने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदखुरी में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने मोनिका साहू को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मोनिका को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मोनिका साहू ने अपनी प्रतिभा, कठिन मेहनत और लगन से दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। तलवारबाजी जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में राज्य स्तरीय अलंकरण प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि मोनिका की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि क्षेत्र की हजारों बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मोनिका के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम इसी तरह रोशन करती रहें।
विधायक ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मोनिका की सफलता में योगदान देने वाले विद्यालय के शिक्षकों एवं परिजनों को भी बधाई दी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य शिखा मिश्रा, शाला विकास समिति अध्यक्ष राजेंद्र चंद्राकर, पूर्व सरपंच खेमलाल चंद्राकर, भूपेंद्र साहू, संजय बघेल, प्रभारी प्राचार्य रश्मी पाठक, बी.आर. बेलचंदन, संजू मिश्रा, तोषी पटेल सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।