ड्राइवर बनकर मालिक का भरोसा जीता, फिर स्कॉर्पियो और 2.50 लाख रुपये लेकर हुआ फरार, सूरत से गिरफ्तार
भिलाई/खुर्सीपार थाना क्षेत्र में अपने मालिक के साथ धोखाधड़ी कर स्कॉर्पियो वाहन और 2.50 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से प्रार्थी के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। इसी दौरान उसने मालिक के विश्वास का फायदा उठाकर शादी समारोह में जाने का बहाना बनाया और स्कॉर्पियो वाहन लेकर फरार हो गया। इसके अलावा वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के नाम पर भी उसने नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से 2.50 लाख रुपये प्राप्त कर हड़प लिए थे।
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ड्राइवर राजेश कुमार बिसनोई पिछले करीब तीन वर्षों से स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG07 AR 0002 चलाता था। 29 नवंबर 2024 को आरोपी शादी कार्यक्रम में जाने का बहाना बनाकर वाहन लेकर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। वहीं, वाहन के रखरखाव एवं तकनीकी सुधार के नाम पर भी उसने अलग-अलग समय में कुल 2.50 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत धारा 316(4), 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की। इस दौरान उसकी लोकेशन गुजरात के सूरत शहर में मिली। इसके बाद खुर्सीपार पुलिस की टीम सूरत पहुंची और तलाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार बिसनोई (31), निवासी ग्राम कोजा, पुलिस चौकी धोरी मन्ना, जिला बाड़मेर, राजस्थान को 19 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में स्कॉर्पियो वाहन और धोखाधड़ी से प्राप्त 2.50 लाख रुपये की बरामदगी के संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केंवट एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।