रायपुर केंद्रीय जेल में गैंगवार :युवा कांग्रेस के नेता पर जानलेवा हमला, मेकहारा में भर्ती

रायपुर केंद्रीय जेल में गैंगवार :युवा कांग्रेस के नेता पर जानलेवा हमला, मेकहारा में भर्ती

रायपुर। राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल एक बार फिर खुनी गैंगवार और अंदरूनी साजिशों का केंद्र बन गई है। दो दिन के भीतर दूसरी बार हुई चाकूबाजी की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ताजा मामला गुरुवार को सामने आया, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी और युवा कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर जेल के भीतर जानलेवा हमला किया गया। हमले में उनके एक साथी को भी गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दो कैदियों ने मिलकर तीखे हथियार से हमला किया, जिससे शिंदे और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को डॉ. अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इससे ठीक एक दिन पहले बुधवार को, जेल के एक प्रहरी के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ये घटनाएं जेल के भीतर गैंगवार और गुटीय संघर्ष को उजागर कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, हमले की पृष्ठभूमि राजनीतिक और आपराधिक रंजिश से जुड़ी है। इस हमले के पीछे धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कांग्रेस के एक अन्य नेता का नाम सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।जानकारी यह भी मिली है कि आशीष शिंदे, केके श्रीवास्तव की मदद करने के मामले में जेल में बंद हैं। केके श्रीवास्तव, जिन्हें भूपेश बघेल का करीबी माना जाता है, फरारी के दौरान कांग्रेस के अंदरूनी खेमे में उथल-पुथल का कारण बने थे। इस घटना के बाद कांग्रेस के आंतरिक गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर सतह पर आ गई है। जेल सूत्रों का कहना है कि वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो गुटों के बीच तनाव चरम पर है, और यही झड़पों की वजह बन रही है। जेल प्रशासन ने हमले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील मानी जाने वाली इस जेल में लगातार हो रही घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।