करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, बिहार से संचालित गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, बिहार से संचालित गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/ ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के पटना से संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना खुर्सीपार में दर्ज अपराध क्रमांक 236/2026 की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल डेटा और डिजिटल ट्रेल के आधार पर गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में विशेष पुलिस टीम को बिहार के पटना भेजा गया, जहां नारायण प्लाजा अपार्टमेंट में दबिश देकर कार्रवाई की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किराये के मकान में रहकर ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर के लोगों को जोड़कर अवैध सट्टा संचालित कर रहे थे। गिरोह लूडो, कैसीनो, एविएटर (Aviator), फुटबॉल बेटिंग समेत कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आईडी उपलब्ध कराकर लोगों से दांव लगवाता था। हार-जीत की रकम का लेनदेन यूपीआई, नेट बैंकिंग और म्यूल बैंक खातों के जरिए किया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह प्रतिदिन करीब 12 से 15 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था, जबकि हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये का ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन किया जाता था।

जब्त सामग्री

  • 14 मोबाइल फोन
  • 14 एटीएम कार्ड
  • 11 बैंक पासबुक
  • ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं दस्तावेजी सामग्री

जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों का फॉरेंसिक एवं तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों, म्यूल बैंक खाताधारकों और लाभार्थियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  • आफताब अहमद (24 वर्ष), निवासी अहमदनगर कैंप-2, थाना छावनी, भिलाई।
  • दानिश खान (24 वर्ष), निवासी कैंप-1, थाना वैशाली नगर, भिलाई।
  • एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।