एकतरफा प्यार में फार्मेसी छात्रा की बेरहमी से हत्या: गला दबाया, फिर चाकू से 10 वार; ऑनलाइन मंगवाया था हथियार, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
भिलाईनगर/वैशाली नगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा खुशी साहू की एकतरफा प्यार के जुनून में निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी पिंटू साहू ने युवती के किराए के कमरे में घुसकर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रायपुर फरार हो गया, जहां से वैशाली नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएट कराया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब एक महीने से खुशी साहू को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। युवती द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने से वह बौखला गया। इसके बाद उसने हत्या की साजिश रची और रायपुर से भिलाई पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।प्रारंभिक जांच के अनुसार, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी और खुशी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने पहले उसका गला दबाकर बेसुध किया और फिर चाकू से पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी के हाथ में भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह मौके से फरार होकर रायपुर भाग गया।बाथरूम से निकली सहेली ने देखा खून से लथपथ शव घटना के समय खुशी की सहेली बाथरूम में थी। बाहर आने पर उसने खुशी को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को सूचना दी। डायल-112 की मदद से युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जांच में यह भी सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले खुशी ने अपने भाई को बताया था कि एक युवक अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई और उस कैफे संचालक को भी धमकी दी थी, जहां खुशी पार्ट-टाइम नौकरी करती थी। आरोपी चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़कर उससे शादी कर ले।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। वारदात के बाद वह रायपुर भाग गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्या की साजिश और पूर्व तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्राम कुम्ही, पोस्ट बारंगांव, थाना बेरला, जिला बेमेतरा निवासी चम्मन लाल साहू की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज किया है। आरोपी पिंटू साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कर साक्ष्यों का सत्यापन भी कराया।