कार का शीशा तोड़ ₹4.90 लाख चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, उत्सव होंडा का कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 5 आरोपी गिरफ्तार

कार का शीशा तोड़ ₹4.90 लाख चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, उत्सव होंडा का कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस की एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख की चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹1.57 लाख नकद, वारदात में प्रयुक्त दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। मामले में शेष राशि की बरामदगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी मारुति स्विफ्ट कार में ₹4.90 लाख नकद एक बैग में रखकर पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम पहुंचे थे। वाहन खड़ा कर वे अन्य कार्य से चले गए। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार का शीशा पत्थर से तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव थाना की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी विश्लेषण किया तथा मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है। उसने अपनी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से प्रार्थी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और पहले से रेकी कर यह पता लगाया कि प्रार्थी अक्सर बड़ी नकदी लेकर आता है। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में भुवनेश्वर डहरिया (23), संजय साहू (22), जितेंद्र कुमार साहू (28), सपना राजपूत (20) और संतोष जोशी (48) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर ₹1.57 लाख नकद, दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बड़ी रकम लेकर चलते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी परिस्थिति में वाहन में नकदी या अन्य कीमती सामान छोड़कर न जाएं। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।