सावन में आस्था का सैलाब: देवेंद्र यादव निकालेंगे भव्य कांवड़ यात्रा, देवबलौदा में होगा रुद्राभिषेक

सावन में आस्था का सैलाब: देवेंद्र यादव निकालेंगे भव्य कांवड़ यात्रा, देवबलौदा में होगा रुद्राभिषेक

भिलाई। सावन के पावन अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 24 अगस्त क़ो भव्य कांवड़ यात्रा निकालेंगे। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से सराबोर इस यात्रा में भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत दुर्ग स्थित शिवनाथ नदी से होगी। विधायक देवेंद्र यादव सुबह शिवनाथ नदी में स्नान कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे और जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे कांवड़ में पवित्र जल लेकर प्राचीन शिव मंदिर देवबलौदा के लिए पैदल रवाना होंगे।
देवबलौदा पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जाएगा। इसके बाद विधि-विधान से रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना होगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे।
हर वर्ष होने वाली इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त उत्साह के साथ हिस्सा लेते हैं। यात्रा के दौरान डीजे पर भक्ति गीतों की गूंज, आकर्षक झांकियां और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आता है। सावन में होने वाला यह आयोजन भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पवित्र महीना है। कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे का पर्व है। इसमें हर वर्ग के लोग भगवान भोलेनाथ की भक्ति में शामिल होते हैं। उन्होंने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करने की अपील की।