भिलाई सेक्टर-8 में महिला पुलिसकर्मी से कथित मारपीट, दांत से काटकर किया घायल; डॉक्टर पर अपराध दर्ज

भिलाई/सेक्टर-8 में विवेचना में सहयोग के लिए पहुंची महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट और उंगली में दांत से काटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने डॉ. झरना राणा उर्फ स्वीटी के खिलाफ धारा 121(1) और 221 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक घटना में महिला पुलिसकर्मी की उंगली में चोट लगी और खून निकल आया।पुलिस के अनुसार PSI लीनिमा साहू, थाना उतई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक के रूप में पदस्थ हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वह थाना अंडा में दर्ज धारा 137(2) बीएनएस के एक प्रकरण की विवेचना में सहयोग के लिए गई थीं। थाना अंडा में आमद देने के बाद वह हमराह स्टाफ के साथ शासकीय कार्य से सेक्टर-8 भिलाई पहुंचीं।शिकायत के अनुसार पुलिस टीम प्रकरण से जुड़ी पीड़िता के संबंध में जानकारी लेने डॉ. झरना राणा उर्फ स्वीटी के क्वार्टर पहुंची थी। पुलिसकर्मी घर के बाहर महिला से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान वह यह कहते हुए घर के अंदर चली गई कि वह अभी आती है। PSI लीनिमा साहू भी उसके पीछे घर के अंदर गईं। पुलिस की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रसोई में महिला के बाएं हाथ में पानी की बोतल में मिट्टी का तेल और दाहिने हाथ में माचिस थी। PSI ने जब इस संबंध में पूछा तो महिला कथित तौर पर मिट्टी तेल की बोतल खोलने लगी।स्थिति को देखते हुए PSI ने महिला के हाथ से मिट्टी तेल की बोतल लेने का प्रयास किया और उसे बाहर लेकर आईं। इसी दौरान पूछताछ के तरीके को लेकर विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मियों का विरोध किया और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें कर्तव्य पालन से रोकने का प्रयास किया।इसी दौरान कथित तौर पर महिला ने PSI लीनिमा साहू के साथ धक्का-मुक्की की। आरोप है कि महिला ने उनके बाएं हाथ की उंगली को दांत से काट लिया, जिससे उंगली में चोट लगने के साथ खून निकल आया। मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ ने बीच-बचाव किया।घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। PSI लीनिमा साहू ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डॉ. झरना राणा उर्फ स्वीटी के खिलाफ धारा 121(1) और 221 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।