सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को कोर्ट ने भेजा जेल, पेशी के दौरान लगे ‘गालीबाज को जेल भेजो’ के नारे
अंबिकापुर/सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को जिला न्यायालय में पेश किया। मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आकांक्षा को जेल पहुंचाया।आकांक्षा की पेशी के दौरान जिला न्यायालय परिसर में काफी गहमागहमी रही। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और सर्व आदिवासी समाज से जुड़े लोग कोर्ट परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान आकांक्षा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने ‘गालीबाज को जेल भेजो’ के नारे लगाए।
जमानत का किया गया विरोध
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान उनकी ओर से जमानत की मांग की गई, जिसका विरोध किया गया।मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने देर शाम आकांक्षा को जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें जेल पहुंचाया।पुलिस के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सरगुजा जिले के अलग-अलग थानों में पहले से 7 मामले दर्ज हैं। मौजूदा मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी है।
आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र में आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली टिप्पणियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।इसी मामले में पुलिस ने दो दिन बाद कार्रवाई करते हुए आकांक्षा को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया।
कोर्ट परिसर में तैनात रहा भारी पुलिस बल
आकांक्षा की पेशी को देखते हुए जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में समर्थकों और विरोध करने वाले लोगों की मौजूदगी के चलते माहौल गर्म रहा। अदालत का आदेश आने के बाद पुलिस ने आकांक्षा को सुरक्षा घेरे में लेकर जेल पहुंचाया।पुलिस अब मामले में दर्ज आरोपों और अन्य प्रकरणों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।