रिसाली के अवधपुरी में 2.10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, विधायक ललित चंद्राकर बोले- विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होने देंगे
दुर्ग/दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 26 अवधपुरी में 2 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सीसी रोड, पुलिया, कव्हर्ड ड्रेन और नाली निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
रिसाली के सभी 40 वार्डों में विकास को प्राथमिकता
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है। रिसाली नगर निगम के सभी 40 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिसाली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी और क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से माताओं और बहनों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, आयुष्मान योजना के माध्यम से 10 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज और नल-जल योजना के जरिए घरों तक पानी पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विकास और जनसुविधाओं का विस्तार हमारा संकल्प
विधायक चंद्राकर ने कहा कि सड़क, पुलिया, कव्हर्ड ड्रेन और नाली निर्माण जैसे कार्यों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और जल निकासी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास, जनसुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र की समृद्धि ही उनका संकल्प है।
रिसाली में भाजपा की सरकार बनाने की अपील
आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव का उल्लेख करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से भाजपा के पक्ष में समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि रिसाली के सर्वांगीण विकास के लिए सभी 40 वार्डों में भाजपा के पार्षद और भाजपा का महापौर चुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा ट्रिपल इंजन की सरकार रिसाली को विकास के नए आयाम तक ले जाएगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अनिल देशमुख, मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, राजू जंघेल, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, सोनू राम सिंह, महामंत्री दशरथ साहू, गुड्डू झा, पार्षद धर्मेन्द्र भगत, शीला नारखड़े, सविता धवस, कमलेश हिरवानी, रविन्द्र साहू, हरीश सिन्हा, रामरतन साहू, संध्या साहू, आर.के. सरेठा, सुनील चौबे, दयाराम निर्मलकर, सीताराम निर्मलकर, मोनेश चंद्राकर, छनक लहरी, सावित्री पाण्डे, रामजी चौधरी, करुणा श्रीवास, अमित बोहरा, बूथ अध्यक्ष बी.के. बिसेन, महिला मोर्चा अध्यक्ष शकुंतला दास, मंडल उपाध्यक्ष अजीत चौधरी, सविता महिलांग, सचिन गोस्वामी, डॉ. संस्कृति वर्मा, रवि मोट ठाकुर, संतोष चौधरी, आयुष तिवारी, परमेश्वर महिलांग, हिमांशु चंद्राकर, अंचल यादव, अनुपमा गोस्वामी, तेजस्वी सोनवानी, संध्या वर्मा, चंद्रकली चतुर्वेदी, ओमकेश्वरी मार्कण्डेय, पार्वती डी.डी. और डॉ. पार्वती कुर्रे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।