‘छत्तीसगढ़ महतारी तोला बरंबार प्रणाम’ जसगीतों से गूंजा गंज मंडी, विवेक शर्मा नाइट में श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध
दुर्ग। गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति के 59वें वर्ष के शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘विवेक शर्मा नाइट’ में छत्तीसगढ़ी लोककला, भक्ति गीतों और जसगीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई। पंडित विवेक शर्मा और उनकी पूरी टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने और नाचने पर मजबूर कर दिया। ‘छत्तीसगढ़ महतारी तोला बरंबार प्रणाम’ और ‘झुपत-झुपत आवव दाई’ जैसे जसगीतों के साथ भगवान महाकाल की महिमा का गुणगान किया गया। मां काली की झांकी और भोलेनाथ की महिमा पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समिति पिछले 58 वर्षों से अपनी धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष नगरवासियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी नवरात्र के अवसर पर मां जगदम्बा की मनमोहक प्रतिमा और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इसी कड़ी में 17 अक्टूबर को मां जगदम्बा के प्रांगण में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समिति की वर्षों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित इस कवि सम्मेलन में देश के ख्याति प्राप्त कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। आमंत्रित कवियों में दिल्ली से सुदीप भोला, मुंबई से चंदन राय, प्रयागराज से अखिलेश द्विवेदी, इंदौर से एकाग्र शर्मा, उज्जैन से हिमांशु बवंडर, नालंदा से अल्पना आनंद और दुर्ग से मयंक शर्मा शामिल हैं।
विवेक शर्मा नाइट कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग विधानसभा के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने की। विशेष अतिथियों में पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, समाजसेवी प्रकाश देशलहरा, संरक्षक संतोष रूंगटा, किशोरी जैन, पार्षद पति सुरेश गुप्ता, संयोजक शैलेष तिवारी, सतीश कश्यप और विवेक मिश्रा शामिल रहे।
समिति के अध्यक्ष रवि पिड़ियार, कार्यकारी अध्यक्ष अमित यादव और कोषाध्यक्ष जितेंद्र राठी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राहुल साहू ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया तथा किशोर जैन ने आभार व्यक्त किया।