फिल्मी स्टाइल में अपहरण, मारपीट और लूट… भिलाई में 6 नाबालिगों का कारनामा
भिलाई में अपराध का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। छह नाबालिगों ने फिल्मी अंदाज में दो युवकों का कथित रूप से अपहरण कर करीब पांच घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाया, उनके साथ मारपीट की और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पीड़ितों से मोबाइल फोन, नकदी, चांदी के जेवर, स्कूटी सहित अन्य सामान छीन लिया। इतना ही नहीं, चाकू की नोक पर दोनों युवकों का जबरन वीडियो भी बनवाया गया और शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में सुपेला थाना पुलिस ने सभी छह नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आए थे। दोनों युवक बाइक और सफेद एक्टिवा स्कूटी से पहुंचे थे। तड़के करीब साढ़े चार बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों से उन्होंने पास के मैकेनिक के बारे में पूछा।बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई। पीड़ित ने स्कूटी की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई। जब स्कूटी के दस्तावेज मांगे गए तो वे तत्काल कागजात नहीं दिखा सके। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताना शुरू कर दिया और अपने चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।इसके बाद छह नाबालिगों ने दोनों युवकों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों ने उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते हुए सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान पीड़ितों से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, एक्टिवा स्कूटी और अन्य सामान लूट लिया गया।पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने मोबाइल छीनने के बाद पेटीएम का पिन भी पूछ लिया और उनके खाते से 18 हजार 180 रुपये दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा बैग में रखे 5 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड तथा इलेक्ट्रिकल कार्य में उपयोग होने वाले उपकरण भी छीन लिए गए।शिकायत के मुताबिक आरोपी दोनों युवकों को बाइक पर बैठाकर नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक सहित दुर्ग और भिलाई के कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक घुमाते रहे। बाद में पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।आरोपियों ने दोनों युवकों से जबरन एक वीडियो भी रिकॉर्ड कराया, जिसमें उन्हें यह बोलने के लिए मजबूर किया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे। साथ ही धमकी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और डौंडी पहुंचकर उनकी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बाइक वापस कर दी और वहां से फरार हो गए।डरे-सहमे दोनों युवक किसी तरह अपने घर डौंडी पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। मारपीट में दोनों के आंख, पीठ, पसली, कंधे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। इसके बाद डौंडी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। जीरो एफआईआर मिलने के बाद मामला सुपेला थाना स्थानांतरित किया गया।सुपेला पुलिस ने जांच के दौरान वारदात में शामिल सभी छह आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। जांच में सभी आरोपी नाबालिग पाए गए। पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।