श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 9 पार्किंग स्थल तय, जयंती स्टेडियम शिव महापुराण कथा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 9 पार्किंग स्थल तय, जयंती स्टेडियम शिव महापुराण कथा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी

दुर्ग/ बोलबम सेवा समिति खुरसीपार, भिलाई द्वारा 17 से 26 अगस्त तक जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग तथा प्रवेश-निकास के लिए व्यापक व्यवस्था की है। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर के साथ कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। पुलिस महानिरीक्षक ने भी स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। आयोजन की सुरक्षा के लिए 22 राजपत्रित अधिकारियों सहित कुल 632 पुलिस बल तैनात रहेगा, जिसमें 4 ASP/AC, 18 DSP, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात के सुचारू संचालन के लिए 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें भिलाई निवास के सामने हेलिपैड, फुटबॉल ग्राउंड, प्रगति मैदान के पीछे VIP पार्किंग, बैंक परिसर VIP पार्किंग, सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड, कला मंदिर के सामने, शहीद उद्यान के सामने, हरिराज सिविक सेंटर के बगल और पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने पार्किंग शामिल है। रायपुर, चरौदा, भिलाई-03, नंदिनी एवं पावर हाउस, कुम्हारी-खेमटा-धमधा-जेवरा सिरसा एवं नेहरू नगर, राजनांदगांव-बालोद तथा धमतरी-अभनपुर-पाटन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। सामान्य श्रद्धालुओं का प्रवेश भिलाई क्लब, मिराज चौक (सीए चौक) एवं बैंक परिसर चौक की ओर से, जबकि VIP प्रवेश शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग एवं पार्किंग क्लब के पास से निर्धारित किया गया है। दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग एवं प्रवेश मार्गों का ही उपयोग करने, यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।