महिला पर बैटरी केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महिला पर बैटरी केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। ग्राम अरसनारा के पास महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश दास (30), निवासी ग्राम कारंजा भिलाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई थी। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत बंद किए जाने से नाराज होकर मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचकर टिन के डिब्बे में रखा बैटरी केमिकल महिला पर छिड़क दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए रातभर पतासाजी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कारंजा भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई गई, जिसे जप्त कर लिया गया। पुलिस ने केमिकल युक्त एक डिब्बा भी जप्त किया है। आरोपी को 18 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी हिंसक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।