भिलाई के सिसकोल प्लांट में फिर हादसा, क्रेन से प्लेट गिरने पर मजदूर की गई जान
भिलाई/हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में गुरुवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमधा निवासी राजेश निर्लमलकर (40) के रूप में हुई है। राजेश धमधा से भिलाई आकर प्लांट में काम करता था।जानकारी के मुताबिक, राजेश प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से लोहे की प्लेट उठाकर ले जाई जा रही थी। अचानक प्लेट का संतुलन बिगड़ गया और वह क्रेन से फिसलकर नीचे गिर गई। प्लेट सीधे राजेश के ऊपर जा गिरी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में राजेश को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गयी lसिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने का यह पहला मामला नहीं है। करीब 7 महीने पहले भी इसी तरह के हादसे में एक मजदूर की मौत हो चुकी है। उस हादसे में लेखूराम कौशल (35) की जान गई थी। लेखूराम भी क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। काम के दौरान क्रेन से लोहे की प्लेट फिसलकर उसके ऊपर गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब सात महीने के अंतराल में क्रेन से प्लेट गिरने की दूसरी घटना में एक और मजदूर की मौत होने से सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल पर बरती जा रही सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।