मानसून पड़ा कमजोर, छत्तीसगढ़ में उमस भरी गर्मी; बुधवार से फिर झमाझम बारिश के आसार

मानसून पड़ा कमजोर, छत्तीसगढ़ में उमस भरी गर्मी; बुधवार से फिर झमाझम बारिश के आसार

रायपुर/छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी हो गई है। सोमवार को कई इलाकों में धूप निकलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी मौसम में बड़े बदलाव के आसार कम हैं, हालांकि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।प्रदेश में अब तक की मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है, लेकिन सामान्य की तुलना में 5 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।

सोमवार को इन इलाकों में हुई बारिश

सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी (बलरामपुर) में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, जबकि कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) और नानगुर (बस्तर) में 2-2 सेमी बारिश हुई।

वहीं वाड्रफनगर (बलरामपुर), गादीरास (सुकमा), अमलीपदर (गरियाबंद), बस्तर और बकावंड (बस्तर), पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) तथा गंगालूर (बीजापुर) में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

 अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।

इसके बाद अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

 रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 8 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

फिलहाल राजधानी में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बावजूद बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है।

 दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

सोमवार को प्रदेश में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।