दुर्ग : पद्मनाभपुर में गणेशोत्सव के साथ सामाजिक जागरूकता की पहल, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं ने ली शपथ

दुर्ग : पद्मनाभपुर में गणेशोत्सव के साथ सामाजिक जागरूकता की पहल, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं ने ली शपथ

दुर्ग/पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में गणेशोत्सव के पावन अवसर पर पूर्व विधायक अरुण वोरा और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अपने परिवारजनों के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों का विशेष महत्व है। गणेशोत्सव का उल्लास भी लोगों को सामूहिकता और लोकमंगल की भावना से जोड़ता है।
पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम स्थित रामेश्वरम पंडाल में श्री दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष पंडाल तैयार किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने इस पंडाल का लोकार्पण किया। इस दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को साइबर अपराध से सुरक्षित रहने और नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
गणेशोत्सव के माध्यम से समिति द्वारा श्रद्धालुओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइबर अपराध से बचाव और सतर्कता का संदेश दिया गया।