दुर्ग के जामुल में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग के जामुल में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/जिले के जामुल थाना क्षेत्र के शिवपुरी में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार किया। मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। किरण द्वारा अपने प्रेमी से विवाह करने के लिए आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी।
इसी दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां आरोपी ने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या करने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घटना में घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया।
मामले की रिपोर्ट पर जामुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 779/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता, निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।