वर्दी की गरिमा बड़ी या मंत्री के पैर? दुर्ग के पुलिस जवान के आचरण पर उठे सवाल
दुर्ग। पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि कानून, कर्तव्य, अनुशासन और जनविश्वास का प्रतीक होती है। इस वर्दी को पहनने वाले पुलिसकर्मी से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने आचरण में पेशेवर मर्यादा और विभागीय अनुशासन का पालन करे। लेकिन दुर्ग जिले से सामने आए एक वीडियो ने पुलिस की वर्दी की गरिमा और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सड़क पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों को मिठाई और लिफाफा देते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक वर्दीधारी पुलिस जवान मंत्री के पैर छूता नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाले इस दृश्य ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ड्यूटी के दौरान वर्दी पहने पुलिसकर्मी का किसी जनप्रतिनिधि के पैर छूना कितना उचित है?
यहां सवाल मंत्री के सम्मान या किसी व्यक्ति की निजी श्रद्धा का नहीं, बल्कि पुलिस की संस्थागत गरिमा और अनुशासन का है। जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना अलग बात है, लेकिन वर्दी में रहते हुए किसी के पैर छूना क्या पुलिसकर्मी के पेशेवर आचरण के अनुरूप है? क्या इस तरह के व्यवहार से पुलिस की निष्पक्ष और स्वतंत्र छवि प्रभावित नहीं होती?
क्या कहता है छत्तीसगढ़ पुलिस अधिनियम?
छत्तीसगढ़ पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 23 में पुलिस अधिकारियों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का उल्लेख है। वहीं धारा 31 के तहत राज्य सरकार पुलिस की वर्दी, प्रतीक चिह्न और अन्य साज-सज्जा निर्धारित कर सकती है तथा पुलिस महानिदेशक को वर्दी पहनने संबंधी निर्देश जारी करने का अधिकार है। धारा 51 के तहत पुलिस संगठन के कामकाज, अधिकारियों के कर्तव्यों और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विनियम बनाने का प्रावधान है।
हालांकि अधिनियम में किसी जनप्रतिनिधि के पैर छूने को लेकर अलग से स्पष्ट प्रतिबंध का उल्लेख नहीं मिलता, लेकिन वर्दीधारी जवान के आचरण को विभागीय अनुशासन और सेवा संबंधी नियमों के नजरिए से देखना जरूरी है।
अब एसपी की कार्रवाई पर निगाहें
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या दुर्ग पुलिस अधीक्षक इस वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित पुलिसकर्मी के आचरण की जांच कराएंगे? क्या विभाग की ओर से यह स्पष्ट किया जाएगा कि ड्यूटी के दौरान वर्दीधारी जवानों के लिए जनप्रतिनिधियों और अन्य व्यक्तियों के प्रति व्यवहार की क्या मर्यादा निर्धारित है?
मामला प्रदेश सरकार के एक मंत्री से जुड़ा होने के कारण इस पर विभागीय कार्रवाई को लेकर भी लोगों की निगाहें रहेंगी। आमतौर पर अनुशासन के मामले में पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों से सख्त आचरण की अपेक्षा करता है। ऐसे में देखना होगा कि इस मामले में भी नियमों के अनुरूप निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होती है या मामला अन्य मामलों की तरह समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाता है।
आखिर पुलिस की वर्दी की गरिमा और अनुशासन क्या सभी के लिए समान हैं? क्या किसी मंत्री या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा मामला होने पर भी विभाग उसी गंभीरता से कार्रवाई करेगा, जैसी कार्रवाई किसी सामान्य पुलिसकर्मी के मामले में की जाती है? अब इन सवालों का जवाब दुर्ग पुलिस प्रशासन की ओर से अपेक्षित है।