दुर्ग पुलिस ने बरामद किए 201 गुम मोबाइल, 40 लाख के फोन मालिकों को लौटाए
दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी पतासाजी कर विभिन्न कंपनियों के 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए एसीसीयू एवं जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। मोबाइल का उपयोग किए जाने पर मिलने वाली जानकारी के आधार पर संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से संपर्क कर उन्हें बरामद किया गया।
बरामद मोबाइल दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित अन्य जिलों के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश एवं बिहार से मिले हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने दुर्ग पुलिस और एसीसीयू की टीम के प्रति आभार जताया।
इस साल सातवीं बार लौटाए मोबाइल
दुर्ग पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में यह सातवीं बार गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए गए हैं। CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल बरामद कर संबंधित लोगों को लौटाए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में एसीसीयू टीम के साथ जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर करें शिकायत
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। मोबाइल में स्क्रीन लॉक और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर भरोसा करने तथा किसी के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।
साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।