शराब की आदत बनी भाई की मौत की वजह, बहन ने सीलबट्टे से सिर कुचलकर की हत्या
दुर्ग/जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में भाई-बहन के रिश्ते को झकझोर देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। यहां 34 वर्षीय महिला ने अपने 40 वर्षीय भाई की सीलबट्टा (लोढ़ा) से सिर पर वार कर हत्या कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में भाई की शराब पीने की आदत से परेशान होकर वारदात को अंजाम देना सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को ग्राम गोड़पेण्ड्री में धर्मेन्द्र पाल की मृत्यु की सूचना मिलने पर उतई पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर धर्मेन्द्र का शव मिला। निरीक्षण के दौरान उसकी बाईं आंख के ऊपर और सिर पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभ में मृतक की बहन धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल के निरीक्षण और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर (34) से संदेह के आधार पर पूछताछ की। पूछताछ में उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी बात को लेकर उसने सीलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सीलबट्टा (लोढ़ा) जब्त कर लिया है। पुलिस ने धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले के त्वरित खुलासे में उतई थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।