पड़ोसी को बेटा बनाया, नाम बदलवाया, धर्म परिवर्तन के लिए किया प्रेरित! जमीन के नाम पर 40 लाख की ठगी का आरोप, 18.50 लाख का बैंक लोन भी लिया

पड़ोसी को बेटा बनाया, नाम बदलवाया, धर्म परिवर्तन के लिए किया प्रेरित! जमीन के नाम पर 40 लाख की ठगी का आरोप, 18.50 लाख का बैंक लोन भी लिया

दुर्ग/सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विश्वास और नजदीकी रिश्तों की आड़ में कथित धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़ोसी को अपना बेटा बताकर उसका नाम बदलवाने, शासकीय दस्तावेज और आधार कार्ड तैयार कराने, जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये लेने तथा उसी जमीन पर बैंक से मॉर्गेज लोन लेने के गंभीर आरोप हाजी जाहिर चौहान पर लगे हैं। मामले में शिकायतकर्ता राजवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।शिकायत के अनुसार, राजवीर सिंह और हाजी जाहिर चौहान दोनों पड़ोसी हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोप है कि हाजी जाहिर चौहान ने राजवीर सिंह को अपने प्रभाव में लेकर उसे अपना पुत्र बताना शुरू किया। इसके बाद राजवीर का नाम बदलवाकर यामीन चौहान के नाम से शासकीय दस्तावेज और आधार कार्ड तैयार करवाए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसे आर्थिक लेन-देन में उलझाया और जमीन के नाम पर बड़ी रकम हासिल की।शिकायत में 10 फरवरी 2017 को तैयार किए गए एक इकरारनामे का भी उल्लेख है, जिसके तहत दो लाख रुपये नकद प्राप्त करने की बात कही गई है। इसके बाद आरोपी द्वारा प्रॉपर्टी का काम शुरू करने का हवाला देकर राजवीर सिंह से करीब 40 लाख रुपये तक लेने का आरोप लगाया गया है।मामले में जमीन की खरीद और बैंक लोन का घटनाक्रम भी सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, 18 मार्च 2021 को दुर्ग के वार्ड क्रमांक 31 स्थित शनिचरी बाजार, कांग्रेस भवन के सामने की जमीन राजवीर सिंह के नाम पर खरीदी गई। खसरा नंबर 912/133 और 912/225 की कुल 924 वर्गफीट जमीन का पंजीयन उप पंजीयक कार्यालय में कराया गया। आरोप है कि जमीन राजवीर सिंह के नाम पर दर्ज कराने के बाद हाजी जाहिर चौहान ने उसी जमीन को आधार बनाकर स्मॉल बैंक, भिलाई से 18 लाख 50 हजार रुपये का मॉर्गेज लोन ले लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि लोन की राशि यामीन चौहान के खाते में आई, लेकिन उसे हाजी जाहिर चौहान ने अपने पास रख लिया।शिकायत में बैंक के चेक के माध्यम से भी लेन-देन किए जाने का उल्लेख है। आरोप है कि आरोपी ने इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक का एक लाख रुपये का चेक देने के साथ उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक और इंडसइंड बैंक के हस्ताक्षरयुक्त कोरे चेक भी दिए थे। इसके बावजूद शिकायतकर्ता को उसकी रकम वापस नहीं मिली।इस पूरे मामले में आर्थिक धोखाधड़ी के अलावा धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने, आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों में नाम परिवर्तन कराने तथा नमाज पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं से दूर रहने के लिए कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।मामले में अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी यामीन चौहान उर्फ राजवीर सिंह पर उधार की रकम वापस नहीं करने और अलग-अलग नामों से आर्थिक लेन-देन करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, राजवीर सिंह और हाजी जाहिर चौहान के बीच पुराने पारिवारिक संबंध भी रहे हैं, जिनका कथित तौर पर फायदा उठाया गया।शिकायत की जांच और वैधानिक कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक मध्य दुर्ग ने 8 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को निर्देशित किया था। इसके बाद 10 अक्टूबर 2026 को रात्रि अधिकारी की ओर से अपराध पंजीबद्ध करने के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 584/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। जांच के लिए सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण तिवारी को विवेचना अधिकारी नियुक्त किया गया है।फिलहाल इस मामले में जमीन के दस्तावेजों, बैंक से लिए गए कर्ज, कथित आर्थिक लेन-देन और नाम परिवर्तन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।