भिलाई में रविवार सुबह गौतम नगर खुर्सीपार वार्ड 42 में सीवरेज लाइन के ऊपर बने अतिक्रमण पर भिलाई निगम का चला बुलडोजर

भिलाई। भिलाई नगर निगम द्वारा सीवरेज लाइन के ऊपर बने मकानों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। रविवार सुबह गौतम नगर खुर्सीपार वार्ड 42 में अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर चला है। रविवार सुबह से निगम की टीम यहां मेन सीवरेज लाइन के ऊपर बने 60 घरों को तोड़ने पहुंची है। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मची हुई है। इस दौरान तहसीलदार और पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद हैं।जानकारी के अनुसार नगर निगम की पूरी टीम सुबह 8 बजे गौतम नगर पहुंच गई थी। इसके बाद यहां मकान को तोड़ने का काम शुरू किया गया है। लोगों ने इस दौरान विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें विरोध करने नहीं दिया। वार्ड के पार्षद विनोद सिंह ने बताया कि वहां नाले और मेन सीवरेज लाइन के ऊपर 250 से ज्यादा घर अतिक्रमण करके बना लिए गए हैं। निगम ने उन लोगों को 10 से ज्यादा नोटिस दिया है। इसके बाद भी वो लोग अतिक्रमण खाली नहीं कर रहे थे।निगम की टीम मेन सीवरेज लाइन को क्लियर करने के लिए इसके दोनों तरफ 5-5 फीट एरिया में हुए अतिक्रमण को तोड़ेगी। इसके बाद इस नाले और सीवरेज लाइन को बनाया जाएगा। पार्षद विनोद सिंह का कहना है कि मेन सीवरेज लाइन एक बार बन गई तो खुर्सीपार की सीवरेज की समस्या आने वाले 50 सालों के लिए खत्म हो जाएगी। निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने का काम खुर्सीपार जोन 1 से शुरू किया है। यहां करीब 60-70 घर टूटेंगे। इसके बाद जोन 2 में करीब 80 घर और जोन तीन में 70-80 घर मिलाकर कुल 200 से ज्यादा बेजा कब्जा मकानों को तोड़ा जाएगा। ये सभी मकान मेन सीवरेज लाइन के ऊपर बने हुए हैं।