सरकारी योजनाओं का लाभ अब आसान, दुर्ग निगम 18 जून से लगाएगा मेगा पंजीयन शिविर

सरकारी योजनाओं का लाभ अब आसान, दुर्ग निगम 18 जून से लगाएगा मेगा पंजीयन शिविर


दुर्ग /नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे विश्वास के विकास के, जन कल्याण के अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर निगम के श्रद्धेय मोतीलाल वोरा सभागार में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार शिविर के सफल संचालन एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के रूप में उप आयुक्त मोहन साहू तथा सहायक नोडल अधिकारी के रूप में कार्यपालन अभियंता प्रकाशचंद धवनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।शिविर में नागरिकों को विभिन्न हितग्राही मूलक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर मंच, विद्युत एवं साउंड सिस्टम, पेयजल एवं अल्पाहार, साफ-सफाई, प्रचार-प्रसार, कंप्यूटर व्यवस्था, पंजीयन काउंटर, स्वागत, अतिथि सत्कार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।नगर निगम प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित आवश्यक सामग्री, टेबल, कंप्यूटर एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।नगर निगम दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराएं। यह अभियान शासन की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।