जानलेवा हमले में 2 गिरफ्तार, महादेव ऐप के कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर का रिश्तेदार अब भी फरार

जानलेवा हमले में 2 गिरफ्तार, महादेव ऐप के कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर का रिश्तेदार अब भी फरार

भिलाई/ पुरानी आपसी रंजिश के चलते युवक पर धारदार हथियार और बेसबॉल डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार निवासी योगेश सूर्यवंशी (32 वर्ष) पेट्रोल पंप से अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाकर रिसाली डीपीएस चौक की ओर जा रहे थे। डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर आए आरोपियों ने पहले बेसबॉल डंडे से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद मोटरसाइकिल के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें गिरा दिया और धारदार हथियार व डंडों से जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश कारण थी। वारदात डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर और डीपीएस स्कूल गेट क्रमांक-1 के पास हुई।
गिरफ्तार आरोपी
हरीश यादव
अमन मूर्ति
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।