उद्यमिता दिवस पर भिलाई चेम्बर पहुँची Vision Gen Z की टीम, i-Hub अहमदाबाद में सीखे स्टार्टअप के गुर

उद्यमिता दिवस पर भिलाई चेम्बर पहुँची Vision Gen Z की टीम, i-Hub अहमदाबाद में सीखे स्टार्टअप के गुर

भिलाई। उद्यमिता दिवस के अवसर पर Vision Gen Z की टीम ने चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में अहमदाबाद स्थित i-Hub में उद्यमिता दिवस आयोजन  सेलिब्रेशन में भाग लिया।
कार्यक्रम में युवाओं ने उद्यमिता, स्टार्टअप, नवाचार एवं भविष्य के व्यवसायिक अवसरों को समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम में i-Hub के CEO डॉ. हिरणमय महंता जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “विचार की ताकत इंटरप्रेन्योर की पहली ताकत है।” उन्होंने कहा कि किसी भी उद्यम की शुरुआत एक विचार से होती है और उस विचार को सही दिशा, मेहनत, नवाचार तथा दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाकर सफल उद्यम में परिवर्तित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आने और उद्यमिता को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “उद्यमिता अपने करियर और लक्ष्यों को संचालित करने का कार्य है।” उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी तलाशने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन सकता है। इसके लिए सही सोच, कौशल, तकनीक, वित्तीय समझ और मार्गदर्शन आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ जय ध्रुव (प्रान्त संपर्क  गुजरात) भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
Vision Gen Z के युवाओं ने i-Hub की विभिन्न गतिविधियों एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम की जानकारी प्राप्त की तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को करीब से समझा। कार्यक्रम ने युवाओं में “सोचो, सीखो और अपना उद्यम खड़ा करो” की भावना को मजबूत किया।
उद्यमिता दिवस का यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायी रहा और उन्हें भविष्य में नए विचारों के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी युवाओं ने अपनी समस्याओ को महंता जी के समक्ष रखा समाधन पाकर सभी युवा हर्षित थे।