नेहरू नगर चौक हत्याकांड के सभी आरोपी गिरफ्तार, फरार मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया भी पुलिस की गिरफ्त में
दुर्ग /दुर्ग पुलिस द्वारा नेहरू नगर चौक पर युवक शिवकुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना सुपेला क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर आपसी विवाद के दौरान कैंप-01, सुभाष चौक, वैशाली नगर निवासी शिवकुमार सिंह, उम्र 29 वर्ष, पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण में शामिल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था।
प्रकरण में पुलिस द्वारा पूर्व में घटना में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया, उम्र 21 वर्ष, निवासी रुआबांधा चाचा चौक, भिलाई, घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा लगातार उसकी तलाश एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप फरार मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस प्रकार नेहरू नगर चौक पर शिवकुमार सिंह पर हुए हमले एवं उसकी उपचार के दौरान मृत्यु के प्रकरण में सभी संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी पूर्ण कर ली गई है। वहीं, प्रकरण में विधि से संघर्षरत बालिका के संबंध में भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण में विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस द्वारा गंभीर एवं आपराधिक घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की त्वरित पतासाजी एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।