विधायक ललित चंद्राकर की पहल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग ग्रामीण को दी ₹14.39 करोड़ की सौगात

विधायक ललित चंद्राकर की पहल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग ग्रामीण को दी ₹14.39 करोड़ की सौगात

दुर्ग/दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विद्युत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ₹14.39 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा की गई है। विधायक ललित चंद्राकर द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनता की मांगों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष रखने के बाद तीन जलाशयों के जीर्णोद्धार तथा नहर लाइनिंग से संबंधित कार्यों की घोषणा की गई। इसके साथ ही ग्राम उमरपोटी में 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन और ग्राम धनोरा में नया विद्युत वितरण केंद्र खोलने की भी घोषणा की गई है।
विधायक ललित चंद्राकर लगातार क्षेत्र की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों को सरकार के समक्ष रखते रहे हैं। इसी क्रम में दुर्ग प्रवास के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने क्षेत्र के जलाशयों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता रखी। मुख्यमंत्री ने इन मांगों को स्वीकार करते हुए तीन प्रमुख जलाशय परियोजनाओं के लिए राशि की घोषणा की।
तीन जलाशयों के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे ₹14.39 करोड़
घोषित कार्यों में तिरगा जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए ₹4.71 करोड़, गनियारी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए ₹4.71 करोड़ तथा रिसाली-उमरपोटी जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग के लिए ₹4.97 करोड़ शामिल हैं। इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत ₹14.39 करोड़ है।
इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने, किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने में मदद मिलने तथा जल स्तर में सुधार की उम्मीद है। सिंचाई के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने से कृषि उत्पादन में भी वृद्धि हो सकती है। रिसाली, उमरपोटी, तिरगा, गनियारी सहित आसपास के गांवों के लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ मिलने की संभावना है।
उमरपोटी में विद्युत सब-स्टेशन, धनोरा में नया वितरण केंद्र
क्षेत्र में बिजली से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम उमरपोटी में 33/11 केवी का नया विद्युत सब-स्टेशन प्रस्तावित किया गया है। वहीं, उतई वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम धनोरा में नया विद्युत वितरण केंद्र खोलने की घोषणा की गई है। इन कार्यों से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
रिसाली निगम के 40 वार्डों को मिलेगी पेयजल सुविधा
रिसाली नगर निगम क्षेत्र के लिए वृहद पेयजल योजना को भी प्रमुखता दी गई है। प्रस्तावित योजना के तहत रिसाली निगम के 40 वार्डों की पेयजल आपूर्ति के लिए भिलाई निगम पर निर्भरता समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए रिसाली में अपना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की योजना है। इससे आने वाले 35 वर्षों तक क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई है।
मिशन क्लीन सिटी से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार
रिसाली नगर निगम में सफाई व्यवस्था को लेकर भी नई योजना लागू करने की बात कही गई है। वर्तमान में सफाई व्यवस्था एजेंसी के माध्यम से संचालित हो रही है, जिस पर आय से अधिक खर्च होने की बात सामने रखी गई है। ऐसे में दुर्ग नगर निगम की तर्ज पर रिसाली में भी मिशन क्लीन सिटी योजना लागू करने की योजना है। इससे सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नैतिक जिम्मेदारी: ललित चंद्राकर
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा, “क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। आज मुख्यमंत्री जी ने हमारी बात को सम्मान दिया, इसके लिए मैं दुर्ग ग्रामीण की समस्त जनता की ओर से उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घोषित योजनाओं से किसानों, ग्रामीणों और रिसाली निगम क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।