दिल्ली में कांग्रेस के ‘सेव फॉर डेमोक्रेसी’ अभियान में शामिल हुए अय्यूब खान, बोले—ज्ञानेश कुमार को हटाया जाए, नहीं तो जारी रहेगा लोकतंत्र बचाओ आंदोलन

दिल्ली में कांग्रेस के ‘सेव फॉर डेमोक्रेसी’ अभियान में शामिल हुए अय्यूब खान, बोले—ज्ञानेश कुमार को हटाया जाए, नहीं तो जारी रहेगा लोकतंत्र बचाओ आंदोलन

दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 12 अक्टूबर को आयोजित ‘सेव फॉर डेमोक्रेसी’ अभियान के तहत लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए दिल्ली में विशाल प्रदर्शन मार्च निकाला गया। इस प्रदर्शन में लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। आंदोलन में विपक्षी इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने नेतृत्व किया।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, कथित चुनावी धांधली और वोट चोरी के मुद्दे उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से नहीं हटाया जाता, तब तक कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान भी दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और ईवीएम को लेकर जनता के भरोसे पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।
अय्यूब खान ने कहा कि “ज्ञानेश हटाओ, ईवीएम हटाओ, देश बचाओ” का नारा अब पूरे देश में गूंजेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक लोकतंत्र बचाओ आंदोलन जारी रहेगा।