दो सप्ताह में दो अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीतकर डीएसपी आकर्षि कश्यप ने बढ़ाया दुर्ग पुलिस का मान, नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन

दो सप्ताह में दो अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीतकर डीएसपी आकर्षि कश्यप ने बढ़ाया दुर्ग पुलिस का मान, नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन

दुर्ग/ दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सप्ताह के भीतर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक हासिल किए हैं। उन्होंने पहले नीदरलैंड में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में रजत पदक जीता और इसके बाद तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से दुर्ग पुलिस का गौरव बढ़ा है।
नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि कश्यप ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में 21-15, 21-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में उनकी यह वापसी उल्लेखनीय रही। उन्होंने अपने खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया।
नीदरलैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले। लगातार मैचों के कारण शारीरिक चुनौती के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की।
इस तरह आकर्षि कश्यप ने दो सप्ताह के भीतर दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में लगातार रजत पदक जीतकर अपनी खेल क्षमता, अनुशासन और निरंतरता साबित की है। चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी यह उपलब्धि उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण वापसी के रूप में देखी जा रही है।
अब आकर्षि कश्यप की अगली चुनौती जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता है, जो 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वे 23 अक्टूबर को रवाना होंगी और आगामी मुकाबलों की तैयारी करेंगी।
दुर्ग पुलिस ने दी बधाई और शुभकामनाएं
दुर्ग पुलिस परिवार की ओर से डीएसपी आकर्षि कश्यप को नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी गई है। दुर्ग पुलिस ने कहा कि चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल करना उनके अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दुर्ग पुलिस परिवार ने आकर्षि कश्यप के आगामी खेल सफर के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वे जर्मनी में होने वाली HYLO Open प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और दुर्ग पुलिस का नाम रोशन करेंगी।