दुर्ग : पद्मनाभपुर के जनता मार्केट पंडाल में दुर्गोत्सव की धूम, मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना के बाद वितरित हुआ प्रसाद

दुर्ग : पद्मनाभपुर के जनता मार्केट पंडाल में दुर्गोत्सव की धूम, मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना के बाद वितरित हुआ प्रसाद

दुर्ग। पद्मनाभपुर में शारदीय दुर्गोत्सव की धूम मची हुई है। शहर के सैकड़ों छोटे-बड़े दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इनमें जनता मार्केट स्थित श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति का पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा रथ पर विराजमान है। सप्तमी के अवसर पर मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना की गई। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को फल और हरी सब्जियों का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर 56 भोग का आयोजन भी किया गया।
पंडाल में विभिन्न महिला समितियों द्वारा माता के दरबार में भजनों की प्रस्तुति दी जा रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। जगन्नाथ धाम की थीम पर सजे इस पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं। स्कूलों के बच्चे भी अपने विद्यालयों की ओर से पंडाल देखने पहुंच रहे हैं।
नवमी पर होगा महाप्रसाद वितरण
श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति, पद्मनाभपुर की ओर से सोमवार, 19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस आयोजन की तैयारी की जा रही है।
20 अक्टूबर को निकलेगी विसर्जन यात्रा
मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से देवी प्रतिमा का भव्य विसर्जन कार्यक्रम प्रारंभ होगा। समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने प्रशासन से शिवनाथ नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा, प्रकाश और सफाई की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार और बुधवार को दुर्ग-भिलाई की सैकड़ों प्रतिमाएं विसर्जन के लिए शिवनाथ नदी पहुंचेंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई सुनिश्चित करना आवश्यक है।