चूहे मारने की दवा खाने से पत्नी की मौत, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में पति गिरफ्तार
भिलाई/ जामुल थाना क्षेत्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने 55 वर्षीय पति को गिरफ्तार किया है। पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी ने चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच में पति की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, एसीसी कॉलोनी जामुल निवासी अंजना शर्मा ने 20 सितंबर 2026 को पति के साथ पारिवारिक विवाद के चलते चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान 25 सितंबर 2026 को उसकी मौत हो गई।महिला की मौत के बाद जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मृतका के पति संजीव कुमार शर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 823/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच 29 अक्टूबर 2026 को घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार शर्मा, उम्र 55 वर्ष, निवासी एमआईजी-78, जनता मार्केट के पास, पद्मनाभपुर, वर्तमान एसीसी कॉलोनी, जामुल, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।